http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 11 सितंबर, 2008 को 13:23 GMT तक के समाचार

सूबा सरहद की मस्जिद पर हमला

पाकिस्तान के सूबा सरहद के पहाड़ी ज़िले दीर की एक मस्जिद में ग्रेनेड बम हमले में कम से कम दस लोग मारे गए हैं जबकि कई अन्य घायल हुए हैं.

स्थानीय पत्रकारो के मुताबिक़ मरने वालो की संख्या बढ़ सकती है.

पुलिस के मुताबिक़ ये घटना बुधवार की रात लोएर दीर के एक पहाड़ी इलाक़े मसकीनिया दर्रा समरबाग़ में घटी है.

प्रत्यक्षदर्शियो का कहना है कि जब लोग मस्जिद में नमाज़ पढ़ रहे थे तो अज्ञात बंदूकधारियों ने मस्जिद पर ग्रेनेड हमला किया.

एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार धमाकों के बाद मस्जिद में फ़ायरिंग की आवाज़े भी सुनी गईं, जिससे वहाँ भगदड़ मच गई और नमाज़ी इधर-उधर भागने लगे.

एक स्थानिय पत्रकार सैयद अमजद शाह ने बीबीसी को बताया कि तैमर गरह अस्पताल में पंद्रह घायल लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें तीन की हालत नाज़ुक बताई जा रही है.

अब तक धमाकों के कारणों का पता नहीं चल सका है और न ही किसी संगठन ने इस घटना की ज़िम्मेदारी ली है.