मंगलवार, 09 सितंबर, 2008 को 07:33 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की वायु सेना ने तमिल विद्रोहियों के एक विमान को मार गिराने का दावा किया है. यह विमान सेना के एक ठिकाने पर हमला कर के लौट रहा था.
अगर इस तथ्य की पुष्टि होती है तो ऐसा पहली बार होगा जब सेना ने एलटीटीई ( लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम) विद्रोहियों का कोई विमान गिराने में सफलता प्राप्त की हो.
तमिल विद्रोहियों का कहना है कि उन्हें अपने विमाने के मारे जाने की कोई जानकारी नहीं है.
वायु सेना ने बताया कि विद्रोहियों के विमान को लड़ाकू विमानों ने रोका और उसे मार गिराया.
विद्रोहियों के इस विमान ने एक अन्य विद्रोही विमान के साथ मिलकर सेना के ठिकाने पर हमला किया था और वापस लौट रहे थे.
रक्षा मंत्रालय के अनुसार विद्रोहियों के इस हमले में दस सैनिक, दस विद्रोही और एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई.
मंत्रालय के अनुसार वावुनिया में हुए हमले में 15 सैनिक, आठ पुलिसकर्मी और पांच वायु सैनिक घायल भी हुए हैं.
वायु सेना का कहना है कि तमिल विद्रोहियों के हल्के लडाकू विमान को मुलाइतिवू के घने जंगलों में मार गिराया गया है.
तमिल विद्रोहियों ने पिछले साल से हवाई हमले करने शुरु किए थे और सबसे पहला हमला कोलंबो में वायु सेना के अड्डे पर किया ता.
इसके बाद विद्रोहियों ने त्रिंकोमाली में अगस्त महीने में हमला किया जिसमें दस नाविक मारे गए थे.
माना जाता है कि विद्रोही तस्करी के ज़रिए विमान के अलग अलग पुर्जे ले गए और फिर विमान का निर्माण किया.