शुक्रवार, 05 सितंबर, 2008 को 14:24 GMT तक के समाचार
गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य के छात्रों को संबोधित किया और राज्य के तमाम स्कूल कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री का भाषण ध्यान से सुनना अनिवार्य था.
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को शपथ भी दिलाई. इसके लिए सभी स्कूल-कॉलेजों में मुख्यमंत्री के संदेश की प्रतिलिपि बांटी गई.
'सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग'
दूरदर्शन केंद्र गुजरात से मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया.
कांग्रेस ने इसे सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग बताया.
ज़िला शिक्षा अधिकारियों ने सभी माध्यमिक स्कूलों को आदेश जारी करके कहा कि टेलीविज़न की व्यवस्था की जाए और सुनिश्चित किया जाए कि सभी विद्यार्थी और शिक्षक मुख्यमंत्री का भाषण अनिवार्य रूप से सुनें.
ज़िला शिक्षा अधिकारियों ने इसके लिए विशेष प्रबंध किए और प्रत्येक स्कूल-कॉलेज में केबल कनेक्शन की व्यवस्था की गई.
मुख्यमंत्री के संदेश की प्रतिलिपि में भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर एस राधाकृष्णन का कहीं उल्लेख तक नहीं किया था.
भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर एस राधाकृष्णन का जन्मदिन शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है और पाँच सितंबर, 2008 को उनका 120वाँ जन्मदिवस था.