http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 30 अगस्त, 2008 को 16:10 GMT तक के समाचार

रमज़ान के महीने में कार्रवाई पर विराम

पाकिस्तान की सरकार ने कहा है कि वह पश्चिमोत्तर के क़बायली इलाक़े में रमज़ान के पवित्र महीने के दौरान अपनी सभी सैनिक कार्रवाई को रोक देगी. अगले सप्ताह से रमज़ान शुरू हो रहा है.

गृह मंत्रालय के एक अधिकारी रहमान मलिक ने बताया कि सितंबर के पहले सप्ताह से लेकर अक्तूबर के दूसरे सप्ताह तक सभी सैनिक कार्रवाई स्थगित रहेगी ताकि इलाक़े के लोग रमज़ान मना सकें.

लेकिन उन्होंने चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि अगर सेना पर हमला हुआ तो जवाबी कार्रवाई का अधिकार उनके पास सुरक्षित रहेगा.

पाकिस्तान सरकार की ओर से यह घोषणा ऐसे समय हुई है जब पिछले कुछ दिनों के अंदर सेना ने संदिग्ध तालेबान चरमपंथियों के ठिकाने पर कई हवाई हमले किए हैं.

दावा

अधिकारियों का दावा है कि इस कार्रवाई के दौरान कम से कम 40 चरमपंथी मारे गए हैं. पाकिस्तानी सेना ने इस महीने के शुरू में सूबा सरहद में नए सिरे से कार्रवाई शुरू की थी.

अमरीका ने आरोप लगाया था कि इस इलाक़े से चरमपंथी अफ़ग़ानिस्तान के सीमावर्ती इलाक़े में हिंसा को बढ़ावा दे रहे हैं. इसके बाद ही पाकिस्तानी सेना ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई शुरू की थी.

इस बीच अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगे एक क़बायली इलाक़े में हुए एक मिसाइल हमले में कम से कम चार संदिग्ध चरमपंथी मारे गए हैं. अधिकारियों का कहना है कि इस हमले में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं.

अधिकारियों के मुताबिक़ ये हमला दक्षिणी वज़ीरिस्तान के वाना शहर में हुआ. स्थानीय लोगों का कहना है कि मारे गए लोगों में दो अरब चरमपंथी भी हैं.

अधिकारियों का ये भी कहना है कि ये मिसाइल हमला अफ़ग़ानिस्तान से नैटो सैनिकों ने किया था. लेकिन अभी तक अफ़ग़ानिस्तान स्थित अंतरराष्ट्रीय सेना की ओर से कोई बयान नहीं आया है.

दस दिन पहले ऐसे ही मिसाइल हमले में छह चरमपंथी मारे गए थे.