शनिवार, 30 अगस्त, 2008 को 10:05 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की राजधानी कोलंबो के व्यवसायिक केंद्र में एक भीषण बम धमाका हुआ है जिसमें 40 लोग घायल हो गए हैं.
पुलिस के अनुसार ये बम एक फ़ल बेचने वाले के पास रखा गया था.
महत्वपूर्ण है कि ये धमाका उस समय हुआ है जब श्रीलंका की सेना ने तमिल बहुल्य इलाक़ों में तमिल विद्रोहियों के ख़िलाफ़ एक बड़ा अभियान चला रखा है.
तमिल बहुल्य किलिनोची ज़िले में हज़ारों लोगों को अपने घरों को छोड़कर भागना पड़ा है क्योंकि श्रीलंका की सेना बहुत तेज़ी से तमिल विद्रोहियों के इलाक़े में दाख़िल हो रही है.
दोपहर के खाने के समय धमाका
घायलों का उपचार कर रहे चिकित्सक दल के सदस्यों का कहना है कि घोयलों में कई बच्चे शामिल हैं.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि श्रीलंका की सेना के एक प्रवक्ता ने बताया है कि संभावना है कि ये धमाका तमिल अलगाववादी विद्रोहियों ने किया है.
फ़िलहाल किसी भी संगठन ने इस धमाके की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
ग़ौरतलब है कि धमाका शनिवार के दिन दोपहर के खाने के समय मुख्य बस स्टेंड के पास हुआ जो उस समय भीड़ से भरा रहता है.
श्रीलंका के उत्तरी और पूर्वी क्षेत्र में तमिल विद्रोही स्वतंत्र देश के लिए पिछले 25 साल से सशस्त्र संघर्ष कर रहे हैं. इस संघर्ष में 70 हज़ार से ज़्यादा लोग मारे गए हैं.