शुक्रवार, 29 अगस्त, 2008 को 20:37 GMT तक के समाचार
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के हमले में अर्धसैनिक बल के छह जवानों की मौत हो गई है. पुलिस ने नक्सलियों को पकड़ने का अभियान शुरु कर दिया है.
पुलिस के मुताबिक नक्सलियों ने राज्य के नारायणपुर गांव में घात लगाकर उस समय बारूदी सुरंग विस्फोट किया जब अर्धसैनिक जवानों का दस्ता उस रास्ते से गुजर रहा था.
इस हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ़) के एक अधिकारी सहित छह जवान मारे गए.
धमाका इतना असरदार था कि जीप के परखच्चे उड़ गए. रायपुर से करीब 350 किलोमीटर दूर हुई इस घटना में मारे गए सीआरपीएफ अधिकारी की पहचान आरएस कंग के रूप में की गई है.
बाकी मरने वालों में ड्राइवर, एक सब इंस्पेक्टर और चार सिपाही हैं.
पुलिस ने बताया कि पांच जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. एक जवान की मौत अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हो गई.
पुलिस ने नक्सलियों को पकड़ने के लिए सघन तलाशी अभियान शुरु किया है.
छत्तसीगढ़ में बस्तर क्षेत्र के सभी पांच ज़िले नक्सली हिंसा से प्रभावित हैं.