सोमवार, 25 अगस्त, 2008 को 10:22 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान ने तहरीके तालेबान नामक एक चरमपंथी गुट पर प्रतिबंध लगा दिया है.
वर्ष 2007 से पाकिस्तान में होनेवाले कई आत्मघाती हमलों के लिए यह गुट ज़िम्मेदार माना जा रहा है.
पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने बताया कि तहरीके तालेबान के बैंक खातों और जायदाद को सील कर दिया गया है.
पिछले हफ़्ते पंजाब सूबे में एक हथियार फ़ैक्ट्री पर हुए हमले की जिम्मेदारी तहरीके तालेबान ने ली थी. इस हमले में 67 लोगों की मौत हो गई थी.
यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस प्रतिबंध से इस चरमपंथी गुट पर क्या प्रभाव पड़ेगा.
तहरीके तालेबान अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से सटे पाकिस्तान के दक्षिणी वजीरिस्तान क़बायली इलाक़ों में सक्रिय चरमपंथी संगठन है. इस संगठन के मुखिया बैतुल्लाह मेहसूद है.
रहमान मलिक ने बताया, " पाकिस्तान में लगातार हुए कई आत्मघाती हमलों में तहरीके तालेबान का हाथ रहा है, इस वजह से हमने उस पर प्रतिबंध लगाया है."
मलिक का कहना था, "उन्होंने ख़ुद ही कई आत्मघाती हमलों की ज़िम्मेदारी ली है. ऐसे लोगों के साथ सरकार बातचीत नहीं कर सकती है."
मलिक ने कहा कि इस संगठन ने आम लोगों का जीना दूभर कर रखा है.