http://www.bbcchindi.com

रविवार, 24 अगस्त, 2008 को 14:57 GMT तक के समाचार

रामदत्त त्रिपाठी
बीबीसी संवाददाता, लखनऊ

कानपुर धमाके में दो की मौत

उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में हुए एक बम धमाके में दो लोगों की मौत हो गई है. धमाका एक लॉज में हुआ. इस लॉज में विद्यार्थी रहते हैं.

घटनास्थल से पुलिस ने बड़ी मात्रा में बम बनाने वाले पदार्थ, 11 हैंड ग्रेनेड और सात टाइमर उपकरण बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक़ धमाका कानपुर शहर के राजीव नगर इलाक़े में हुआ.

मारे गए लोगों के नाम हैं- राजीव मिश्र और भूपेंद्र सिंह. राजीव मिश्र लॉज के मालिक के बेटे थे. जबकि भूपेंद्र सिंह उनके मित्र थे.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले की जाँच कर रहे हैं कि क्या मारे गए दोनों लोग दक्षिणपंथी हिंदू चरमपंथी गुट से जुड़े हुए थे.

कानपुर में हिंदू और मुसलमानों की मिली-जुली आबादी है. यहाँ कई बार सांप्रदायिक हिंसा भी हो चुकी है.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एसएन सिंह ने पत्रकारों को बताया कि जन्माष्टमी के दिन हुई यह घटना एक बड़ी साज़िश का हिस्सा हो सकती है.