शनिवार, 23 अगस्त, 2008 को 05:30 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान में सूबा सरहद के स्वात घाटी इलाक़े में एक पुलिस चौकी को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती हमले में कम से कम आठ पुलिस वाले मारे गए हैं.
हमले में कई और लोग घायल भी हुए हैं.
हमलावर ने विस्फोटकों से लदी कार पुलिस चौकी से टकरा दी जिसके बाद ज़बर्दस्त धमाका हुआ.
तहरीके तालेबान के एक प्रवक्ता ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है और चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर सरकार ने इस इलाक़े में सैन्य अभियान बंद नहीं किया तो इस तरह के और हमले किए जाएंगे.
तालेबान इस इलाक़े में कड़े इस्लामी नियम क़ानून लागू करने की माँग कर रहा है.
इसी संगठन ने गुरुवार को इस्लामाबाद के निकट हथियार फैक्ट्री के बाहर हुए धमाकों की ज़िम्मेदारी ली थी जिसमें 70 लोग मारे गए थे.
ज़बर्दस्त धमाका
पुलिस चौकी पर हुआ ताज़ा विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आस-पास के दुकान और घर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
निजी चैनलों के मुताबिक धमाके के बाद सड़कों पर मानव अंग बिखड़े पड़े दिखाई दे रहे थे.
हमले की ज़िम्मेदारी लेने वाले तहरीके तालेबान के प्रवक्ता मुस्लिम ख़ान ने एसोसिएटेड प्रेस से कहा, "हमने सरकार को पहले ही चेतावनी दी थी कि स्वात में हमारे ख़िलाफ़ अभियान नहीं रुका तो हम पुलिस और सेना को निशाना बनाएंगे."
उनका कहना है, "सरकार ने इसे अनसुना कर दिया और हमारे ठिकानों पर हमले जारी रखे."