http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 23 अगस्त, 2008 को 20:54 GMT तक के समाचार

संदीप साहू
उड़ीसा से

उड़ीसा में विहिप नेता समेत पाँच की मौत

उड़ीसा के कंधमाल ज़िले में शनिवार को कुछ अज्ञात हमलावरों ने एक आश्रम पर हमला किया है जिसमें कम से कम पाँच लोगों की मौत हो गई है.

घटना भारतीय समयानुसार रात आठ बजे की है जब हमलावरों ने ज़िले के जलेशपटा इलाके में एक हिंदू आश्रम को अपना निशाना बनाया.

जानकारी के मुताबिक मारे गए पाँच लोगों में से एक लक्ष्मणानंद सरस्वती, कट्टर हिंदूवादी संगठन विश्व हिंदू परिषद के नेता थे.

राज्य के पुलिस प्रमुख गोपाल नंदा ने इस घटना की पुष्टि बीबीसी से बातचीत में की. पुलिस प्रमुख का कहना है कि इस हमले में शामिल लोग एक चरमपंथी संगठन के हो सकते हैं.

हालांकि विश्व हिंदू परिषद के नेता अब इस हमले को दूसरा रंग देने की कोशिश कर रहे हैं. विश्व हिंदू परिषद के एक राज्य स्तर के वरिष्ठ नेता ने बीबीसी को बताया कि इसके पीछे कुछ ग़ैर-हिंदू संगठनों का हाथ हो सकता है.

विश्व हिंदू परिषद की राज्य इकाई की ओर से इस हमले और अपने नेता की हत्या के विरोध में सोमवार को राज्यव्यापी बंद का आहवान किया गया है.

विहिप नेता ने बताया कि शनिवार के हमले से पहले भी लक्ष्मणानंद पर हमले होते रहे. ऐसे कोई 12 हमलों में लक्ष्मणानंद सरस्वती बचते आ रहे थे.

चिंता की बात यह है कि पिछले ही वर्ष इस ज़िले में हिंदू और ईसाई संप्रदायों के लोगों के बीच हिंसक झड़पें हुई थीं.

जानकार बताते हैं कि ताज़ा घटना फिर से यहाँ की स्थिति को तनावपूर्ण बना सकते हैं और इससे सांप्रदायिक स्तर पर समाज के ध्रुवीकरण का ख़तरा है.