शनिवार, 23 अगस्त, 2008 को 02:34 GMT तक के समाचार
सुबीर भौमिक
बीबीसी संवाददाता, पूर्वोत्तर भारत
असम के एक दूरवर्ती गाँव से तीन लोगों का शव मिलने के बाद जातीय तनाव पैदा हो गया है.
पुलिस का कहना है कि ये तीनों मुस्लिम सुमदाय के हैं.
असम में इस महीन के शुरु से ही राज्य के कुछ संगठनों और जनजातीय समूहों ने वैसे लोगों को खोज निकालने का अभियान शुरु किया था जिन्हें वे बांग्लादेश से आए अवैध आप्रवासी बताते हैं.
इस मुहिम के शुरु होने के बाद से ही राज्य भर में तनाव है.
इन संगठनों ने अब तक ऐसे लगभग सौ लोगों को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द किया है ताकि उन्हें वापस बांग्लादेश भेजा जा सके.
असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने इस तरह की मुहिम चलाने वाले क्षेत्रीय संगठनों को चेतावनी दी है.
उन्होंने कहा है कि क़ानून अपने हाथ में लेने वालों को बख़्शा नहीं जाएगा.
इन संगठनों के लोग मुस्लिम बहुल गाँवों में जाकर पड़ताल करते हैं और कथित विस्थापितों को पकड़ लेते हैं.
ताज़ा घटना में राउता से तीन शव बरामद किए गए हैं. ऐसी ख़बरें मिल रही हैं कि पिछले तीन दिनों में इसी इलाक़े से मुस्लिम समुदाय के कई लोग लापता हैं.
मुस्लिम संगठनों का कहना है कि उनके लोगों को धमकाया जा रहा है और प्रताड़ित किया जा रहा है.