http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 18 अगस्त, 2008 को 13:38 GMT तक के समाचार

प्रचंड ने प्रधानमंत्री पद की शपथ ली

नेपाल में माओवादी नेता प्रचंड ने सोमवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली.

पिछले हफ़्ते संविधान सभा में चुनाव में मिली जीत के बाद कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ़ नेपाल (माओवादी) के अध्यक्ष प्रचंड ने शपथ ग्रहण की.

शपथ लेने के बाद उन्होंने कहा कि वे नेपाल और देशवासियों के प्रति वफ़ादार रहेंगे.

अप्रैल में हुए आम चुनाव में माओवादियों को ज़बरदस्त जीत हासिल हुई थी. 601 सदस्यों वाली संविधान सभा में माओवादियों को 227 सीटें मिली थीं.

तीन अहम राजनीतिक पार्टियों ने प्रधानमंत्री पद के लिए प्रचंड की दावेदारी का समर्थन किया था- उनकी अपनी पार्टी, नेपाल कम्यूनिस्ट पार्टी(यूएमएल), और मधेशी जनाधिकार फ़ोरम.

प्रचंड को नेपाल के राष्ट्रपति राम बरन यादव ने शपथ दिलाई और समारोह का सीधा प्रसारण किया गया.

नेपाल में इस साल 239 साल पुरानी राजशाही ख़त्म कर दी गई थी और उम्मीद की जा रही है कि संविधान सभा अब संविधान तैयार करेगी.

प्रधानमंत्री पद के लिए हुए चुनाव में प्रचंड को 80 फ़ीसदी मत मिले थे.
संविधान सभा में कुल 601 सदस्यों में से 551 मतदान के लिए मौजूद थे, प्रचंड के समर्थन में 464 वोट पड़े थे जबकि उनके विरोधी शेर बहादुर देऊबा को 113 वोट मिले थे.

पिछले दो दशक से भी ज़्यादा समय से प्रचंड भूमिगत थे और पूर्व विद्रोही माओवदियों के नेता रहे हैं.

नेपाल में चले इस संघर्ष में करीब तेरह हज़ार लोगों की मौत हुई, हज़ारों लोग विस्थापित हुए और देश का आधारभूत ढाँचा बहुत हद तक नष्ट हो गया.

संवाददाताओं का कहना है कि अब प्रचंड नेपाल के सबसे शक्तिशाली नेता बन गए हैं.