बुधवार, 13 अगस्त, 2008 को 07:23 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के क़बायली इलाक़े दक्षिणी वजीरिस्तान में मंगलवार की रात हुए मिसाइल हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हुई है.
पाकिस्तान के अधिकारियों का कहना है कि मारे गए लोगों में से छह चरमपंथी हैं.
यह हमला अफ़ग़ानिस्तान से लगी सीमा के गाँव बाघर में हुआ.
अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि हमला किसने किया.
काबुल में अमरीकी सेना ने इस बात से इनकार किया है कि ये हमले उन्होंने किए हैं.
कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने हमले वाली जगह के आसपास कुछ हेलिकॉप्टरों को मंडराते देखा था और इन्हीं से मिसाइल दागे गए थे.
वैसे अलक़ायदा और तालेबान को निशाना बनाकर अमरीकी फ़ौजें अक्सर पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाक़ों में ऐसे हमले करती रही हैं.
अमरीका का कहना है कि चरमपंथी इस इलाक़े से सीमापार अफ़ग़ानिस्तान में अमरीकी नेतृत्व वाली फ़ौजों पर हमले करते हैं.
दूसरी ओर पाकिस्तान इन हमलों का विरोध करता रहा है. उसका कहना है कि इन हमलों में इस इलाक़े में कई लोग मारे जा चुके हैं.
दावा-प्रतिदावा
उधर पाकिस्तानी सेना ने दावा किया है कि बाजौर क़बायली इलाक़े में एक हफ़्ते तक चले संघर्ष में 150 से अधिक चरमपंथी मारे गए हैं. जबकि सेना को 13 जवानों की जान गँवानी पड़ी है.
हालांकि बाजौर इलाक़े में चरमपंथियों ने सेना के इस दावे को ग़लत ठहराया है.
स्थानीय तालेबान के एक प्रवक्ता ने कहा है कि उनके कोई 12 लोग इस संघर्ष में मारे गए हैं.
ख़बरें हैं कि बाजौर के इस संघर्ष में 30 आम नागरिक मारे गए हैं.
पिछले हफ़्ते जब पाकिस्तानी सेना ने अफ़ग़ानिस्तान की सीमा पर एक अहम सामरिक ठिकाने लोई सैम पर एक चौकी स्थापित करने की कोशिश शुरु की तब यह संघर्ष शुरु हुआ था.