मंगलवार, 05 अगस्त, 2008 को 02:45 GMT तक के समाचार
अमरनाथ मंदिर भूमि आवंटन मामले पर माहौल और बिगड़ता दिख रहा है, जम्मू में जहाँ लगातार 13वें दिन उग्र प्रदर्शन हुए हैं और एक प्रदर्शनकारी के मारे जाने के बाद से वहाँ तनाव और बढ़ गया है.
वहीं श्रीनगर में भी जम्मू की घटनाओं पर क्रुद्ध प्रतिक्रिया दिख रही है.
बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बुधवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है. माना जा रहा है कि इस बैठक में सरकार अमरनाथ ज़मीन विवाद पर आम राय बनाने की कोशिश करेगी.
इससे पहले सोमवार को गृह मंत्री शिवराज पाटिल की अध्यक्षता में उच्च अधिकारियों की बैठक में जम्मू-कश्मीर के हालात पर विचार किया गया.
पिछले कई सप्ताह से भारत प्रशासित जम्मू कश्मीर के जम्मू शहर और आसपास के क्षेत्र में अमरनाथ मंदिर बोर्ड को पहले ज़मीन दिए जाने और फिर उस फैसले को रद्द् किए जाने के विरोध में भीषण प्रदर्शन हो रहे हैं.
तीस संगठनों वाली अमरनाथ मंदिर संघर्ष समिति की माँग है कि न केवल मंदिर बोर्ड को ज़मीन वापस दी जाए बल्कि सरकार की जगह मंदिर बोर्ड ही अमरनाथ यात्रा की ज़िम्मेदारी संभाले.
श्रीनगर में प्रदर्शन, हिंसा
मंगलवार को जम्मू के कुछ ज़िलों में सुबह पाँच से आठ बजे तक कर्फ़्यू में थोड़ी ढील दी गई. जम्मू से बीबीसी संवाददाता बीनू जोशी के मुताबिक कर्फ़्यू अगले कुछ दिनों तक जारी रखने का भी फ़ैसला किया गया.
सोमवार को जम्मू में दो प्रदर्शनकारियों के मारे जाने से तनाव है, वहीं श्रीनगर में भी पुलिस के साथ झड़प में एक व्यक्ति मारा गया.
श्रीनगर से बीबीसी संवाददाता अल्ताफ़ हुसैन ने ख़बर दी है कि मंगलवार को भी आंदोलनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आँसू गैस के गोले छोड़ने पड़े.
सोमवार को श्रीनगर में भी प्रदर्शन शुरु हो गए थे. प्रदर्शनकारी जम्मू में मुसलमानों के साथ कथित मारपीट की घटनाओं का विरोध कर रहे थे.
उन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आँसू गैस के गोले छोड़े जिससे एक व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया. बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई.
इधर जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट के नेता यासीन मलिक सरकार के जम्मू में 'सांप्रदायिक हिंसा' रोकने में विफल रहने के कारण आमरण अनशन पर बैठ गए हैं.
जम्मू में तनाव
दूसरी ओर जम्मू में लोग सरकार के फ़ैसले से नाराज़ हैं और वहाँ पिछले कुछ हफ़्ते से प्रदर्शन हो रहे हैं और कई जगह कर्फ़्यू जारी है.
जम्मू में हो रहे प्रदर्शन को सोमवार को सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने भी अपना समर्थन देने का ऐलान कर दिया.
सोमवार को भारी संख्या में सरकारी अस्पताल के डॉक्टर सामूहिक आकस्मिक अवकाश पर चले गए.
आंदोलन को देखते हुए जम्मू क्षेत्र में एसएमएस सेवा पर शनिवार की रात से लगी रोक लगा दी थी.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि जम्मू में प्रदर्शनकारियों ने श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग को बंद रख कर कश्मीर घाटी का आर्थिक नाकेबंदी कर रखी है.