http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 04 अगस्त, 2008 को 08:32 GMT तक के समाचार

मुलायम, लालू, पासवान भाजपा पर बरसे

'नोट के बदले वोट' कांड के सिलसिले में सोमवार को यूपीए की ओर से जवाबी सीडी जारी की गई.

दिल्ली में आयोजित पत्रकारवार्ता में समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह और अमर सिंह, लोक जनशाक्ति पार्टी के रामविलास पासवान और आरजेडी के लालू यादव उपस्थित थे.

मुलायम सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 'नोट के बदले वोट' कांड के सिलसिले में नए दावों को ठुकराते हुए कहा कि भाजपा झूठ बोल रही है.

उन्होंने कहा कि भाजपा के आरोप ग़लत हैं और वो इसे चुनावी मुद्दा बनानी चाहती है.

समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह ने आरोप लगाया था कि भाजपा ने लोकतंत्र और संसद को बदनाम किया है.

इसके बाद बारी रामविलास पासवान की थी. उनका कहना था कि सुनियोजित तरीके से सरकार को बदनाम करने के लिए भाजपा ने ये काम किया है.

लालू यादव का कहना था कि पैसे की पेशकश का आरोप लगानेवाले तीनों भाजपा सांसदों का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए.

भाजपा के आरोप

ग़ौरतलब है कि भाजपा महासचिव अरुण जेटली ने रविवार को कथित तौर पर सांसदों को पैसे देने के बारे में नए विवरण दिए थे.

भाजपा के तीन सांसदों ने विश्वास मत प्रस्ताव पर लोकसभा में चर्चा के दौरान नोटों के बंडल लहराते हुए आरोप लगाए थे कि ये पैसा उन्हें सरकार के पक्ष में मतदान करने के लिए दिए गए.

इन सांसदों ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पार्टी के नेताओं पर सांसदों की की कथित ख़रीद फ़रोख़्त में शामिल होने के आरोप लगाए थे.

उन्होंने कुछ फ़ोन नंबर और बातचीत की स्क्रिप्ट को सार्वजनिक किया था.

अरुण जेटली ने कहा कि सपा सांसद रेवती रमण सिंह ने विश्वास मत पर मतदान से एक दिन पहले 21 जुलाई की रात को सांसद अशोक अर्गल के घर जाकर सरकार के पक्ष में आने के लिए न्यौता दिया था.

उन्होंने कहा कि स्क्रिप्ट में दो सांसदों अशोक अर्गल और फग्गन सिंह कुलस्ते का सपा नेता अमर सिंह के घर जाना और अमर सिंह की अहमद पटेल से फोन पर बात कराने का विवरण है.