http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 04 अगस्त, 2008 को 19:24 GMT तक के समाचार

जम्मू के बाद श्रीनगर में हिंसा

अमरनाथ ज़मीन मुद्दे पर भारत प्रशासित जम्मू-कश्मीर में स्थिति तनावपूर्ण होती जा रही है.

सोमवार को जम्मू में दो प्रदर्शनकारियों के मारे जाने से स्थिति तनावपूर्ण है. वहीं श्रीनगर में भी पुलिस के साथ झड़प में एक व्यक्ति मारा गया.

जम्मू में अमरनाथ मंदिर बोर्ड को दी गई ज़मीन वापस लिए जाने के विरोध में ताज़ा आंदोलन पिछले 12 दिनों से चल रहा है.

लेकिन सोमवार को श्रीनगर में भी प्रदर्शन शुरु हो गए. प्रदर्शनकारी जम्मू में मुसलमानों के साथ कथित मारपीट की घटनाओं का विरोध कर रहे थे.

इन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आँसू गैस के गोले छोड़े. एक गोला आसिफ़ अहमद के सीने में लगा जिससे वो बुरी तरह घायल हो गया. बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई.

जम्मू में जारी हिंसा पर रोक लगाने में सरकारी विफलता के विरोध में कुछ संगठनों ने श्रीनगर में बंद का आह्वान किया था.

ग़ौरतलब है कि मंदिर बोर्ड को दी गई ज़मीन वापस लेने की माँग पर घाटी में ज़बर्दस्त हिंसक आंदोलन हुआ था जिसके बाद सरकार ने ज़मीन आवंटन रद्द कर दिया.

जम्मू में तनाव

दूसरी ओर जम्मू में लोग सरकार के इस फ़ैसले से नाराज़ हैं और वहाँ पिछले 12 दिनों से प्रदर्शन हो रहे हैं और कर्फ़्यू जारी है.

बीबीसी संवाददाता बीनू जोशी के मुताबिक जम्मू में हो रहे प्रदर्शन को सरकारी अस्पताल के डॉक्टरों ने भी अपना समर्थन दिया है. जम्मू में सोमवार को भारी संख्या में सरकारी अस्पताल के डॉक्टर सामूहिक आकस्मिक अवकाश पर चले गए.

आंदोलन को देखते हुए जम्मू क्षेत्र में एसएमएस सेवा पर शनिवार की रात से लगी रोक जारी है.

जम्मू और कश्मीर के जम्मू, सांबा, ऊधमपुर, राजौरी और कथुआ ज़िलों में कर्फ़्यू जारी है. सोमवार की सुबह कर्फ़्यू में थोड़ी ढील दी गई थी.

जम्मू के विभिन्न इलाकों से मुसलमानों के साथ कथित मारपीट की खबरें लगातार आ रही हैं.

बीबीसी संवाददाता ने बताया है कि जम्मू में प्रदर्शनकारियों ने श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग को कई दिनों तक बंद रख कर कश्मीर घाटी का आर्थिक बहिष्कार किया है.