रविवार, 03 अगस्त, 2008 को 08:15 GMT तक के समाचार
बांग्लादेश में भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अभियान के तहत गठित आयोग रविवार से काम शुरू कर रहा है.
भ्रष्टाचार के मामलों के तीव्र निपटारे के लिए बनाए गए आयोग की पहली बैठक रविवार को होने वाली है.
ग़ौरतलब है कि बांग्लादेश के अनेक नेता, व्यापारी और वरिष्ठ अधिकारी भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में हैं.
ये आयोग भ्रष्ट सौदों के बारे में मिली सूचनाओं के आधार पर और भ्रष्टाचार के मामलों में जेल काट रहे लोगों के अपनी ग़लती मान लेने या ग़ैरकानूनी ढंग से कमाए गए पैसे को लौटाने पर उन्हें आंशिक क्षमादान या सज़ा में ढील देगा.
संवाददाताओं का कहना है कि बांग्लादेश की सेना समर्थित सरकार को उम्मीद है कि तेज़ फ़ैसलों से देश के भ्रष्टाचार के अनेक मामले निपट सकेंगे.
बांग्लादेश मे कई राजनीतिज्ञ भ्रष्टाचार के विभिन्न आरोप के तहत जेल में हैं.
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना और ख़ालिदा ज़िया पर भी भ्रष्टाचार के मामले चल रहे हैं.
बांग्लादेश पिछले एक वर्ष से राजनीतिक संकट के दौर से गुज़र रहा है. पिछले एक वर्ष से वहाँ आपातकाल लगा हुआ है और चुनाव नहीं हो पा रहे हैं.
हालांकि कार्यवाहक सैन्य शासन का कहना है कि इस वर्ष के अंत तक वहाँ चुनाव करवाएँ जाएंगे.