गुरुवार, 31 जुलाई, 2008 को 15:35 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने कहा है कि भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री सार्क सम्मेलन के दौरान आपस में बातचीत करके कई मुद्दों को सुलझाने की कोशिश करेंगे.
श्रीलंका में सार्क शिखर सम्मेलन शुरू होने से पहले भारत और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की मुलाक़ात हुई.
भारतीय विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी से मुलाक़ात के बाद शाह महमूद क़ुरैशी ने कहा कि दोनों प्रधानमंत्री सीमा पर हुई गोलीबारी और भारतीय ठिकानों पर हुए बम हमलों के बाद रिश्तों में आए तनाव को दूर करने की कोशिश करेंगे.
उन्होंने कहा, "मैं और भारतीय विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी इस बात पर सहमत थे कि दोनों प्रधानमंत्री आपसी रिश्तों के बारे में एक व्यापक बयान देंगे."
अविश्वास
शाह महमूद क़ुरैशी ने यह भी स्वीकार किया कि प्रणव मुखर्जी के साथ बातचीत के बाद कई मुद्दों पर अविश्वास कम हुआ है.
क़ुरैशी ने कहा, "प्रेशर कूकर में से काफ़ी भाप निकल गई है. अब जो डिश हम बनाने जा रहे हैं वह इस क्षेत्र की भलाई के लिए होगी."
दूसरी ओर इस मुलक़ात के बाद भारतीय विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी काफ़ी संभलकर बोल रहे थे. उन्होंने अलग से पत्रकारों को बताया कि दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रिश्तों, शांति वार्ता और हाल की घटनाओं पर चर्चा की.
हालाँकि उन्होंने इस बारे में ज़्यादा विस्तार से कुछ बताने से इनकार कर दिया.