http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 30 जुलाई, 2008 को 12:32 GMT तक के समाचार

अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर

'फिर हुआ युद्धविराम का उल्लंघन'

भारत ने आरोप लगाया है कि पाकिस्तान ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी करके युद्धविराम का उल्लंघन किया है.

भारतीय रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने बुधवार को आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने कश्मीर के नौगाम सेक्टर में नियंत्रण रेखा के दूसरी ओर से गोलीबारी की.

प्रवक्ता लेफ़्टिनेंट कर्नल एसडी गोस्वामी ने बताया कि भारत की ओर से बिना किसी उकसावे के पाकिस्तानी सैनिकों ने फ़ायरिंग की.

उन्होंने कहा कि इस फ़ायरिंग में कोई भारतीय सैनिक हताहत नहीं हुआ.

भारतीय प्रवक्ता ने कहा कि भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई नहीं की. उनका कहना है कि भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई करने के बदले हॉटलाइन पर पाकिस्तानी अधिकारियों से बात की और उन्हें गोलीबारी रोकने के लिए कहा.

सोमवार को नियंत्रण रेखा पर भारतीय और पाकिस्तानी सैनिकों के बीच कई घंटे तक गोलीबारी हुई थी जिसमें एक भारतीय सैनिक मारा गया था.

भारत ने आरोप लगाया था कि पाकिस्तानी सैनिकों ने नियंत्रण रेखा को पार करके भारतीय क्षेत्र में प्रवेश किया था लेकिन पाकिस्तान ने इन आरोपों का खंडन किया है.

दोनों देशों के बीच नवंबर 2003 से युद्धविराम लागू है लेकिन पिछले दो महीनों में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी छह से अधिक घटनाएँ हो चुकी हैं.

भारत के रक्षा मंत्री एके एंटनी ने कहा है कि इस वर्ष जनवरी से लेकर अब तक पाकिस्तानी सैनिकों ने 19 बार युद्धविराम का उल्लंघन किया है.