http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 23 जुलाई, 2008 को 00:29 GMT तक के समाचार

जीत का अमरीका ने स्वागत किया

कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार के संसद में विश्वास मत जीतने का अमरीका ने स्वागत किया है.

अमरीका ने कहा है कि अब वह परमाणु क़रार को तेज़ी से पूरा कराने के लिए प्रयास करेगा.

भारत में अमरीका के राजदूत डेविड मलफ़ोर्ड ने यूपीए सरकार के विश्वास मत जीतने के बाद जारी एक बयान में कहा,'' भारत और अमरीका के बीच होने वाले असैन्य परमाणु क़रार को भारतीय संसद में मिले संमर्थन का अमरीका स्वागत करता है.''

मलफ़ोर्ड ने अपने बयान में कहा है,'' इस समझौते को अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए), परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह और अमरीकी संसद में पूरा कराने के लिए हम भारत सरकार के साथ मिलकर तेज़ी से काम करेंगे.''

भारत के सुरक्षा उपाय मसौदे पर विचार विमर्श करने के लिए आईएईए के संचालक मंडल की बैठक एक अगस्त को वियना में होगी.

अमरीका करेगा मदद

उधर वाशिंगटन स्थित बीबीसी संवाददाता ब्रजेश उपाध्याय के अनुसार ह्वाइट हाउस और अमरीकी विदेश मंत्रालय ने यूपीए सरकार के विश्वास मत जीतने का स्वागत किया है.

ह्वाइट हाउस के नियमित संवाददाता सम्मेलन में उसके प्रवक्ता ने कहा कि विश्वास मत के बाद अब हम परमाणु समझौते को तेज़ी से आगे बढ़ाएँगे.

वहीं अमरीकी विदेश मंत्रालय का कहना था कि अमरीका और भारत के लिए महत्वपूर्ण इस समझौते को पूरा करने के लिए हम सीनेट के सदस्यों से बात कर रहे हैं.

विदेश मंत्रालय का कहना था कि अमरीका इस मामले में आईएईए के सदस्य देशों से बात कर रहा है और आईएईए और परमाणु आपूर्ति सूमह से समझौते को पास करवाने के लिए अमरीका भारत की हर संभव मदद करेगा.

उधर भारत और अमरीका के बीच व्यापार को बढ़ावा देने के लिए काम करने वाले संगठन यूएस-इंडिया बिज़नेस काउंसिल ने यूपीए सरकार की इस जीत को भारत और पूरी दुनिया के लिए ऐतिहासिक बताया है.