मंगलवार, 22 जुलाई, 2008 को 09:19 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान की राजधानी काबुल में एक आत्मघाती हमलावर ने बम धमाका कर खुद को उड़ा दिया. इस धमाके में अब तक तीन लोगों के घायल होने की ख़बर है.
अफ़ग़ानिस्तान से अधिकारियों के अनुसार धमाका मुगल साम्राज्य के संस्थापक बादशाह बाबर के मक़बरे के पास बने बाबर बाग़ के क़रीब हुआ है.
वैसे एक रिपोर्ट ये भी आ रही है कि हमलावर एक पैदलसवार था और सुरक्षा चौकी के क़रीब आकर उसने खुद को उड़ा दिया.
पिछले कुछ महीनों में अफ़ग़ानिस्तान में हिंसा में तेज़ी आई है. तालेबान चरमपंथियों ने राजधानी काबुल पर हमले तेज़ कर दिए हैं.
मंगलवार की सुबह हुए आत्मघाती बम धमाके में घटनास्थल के क़रीब से गुज़र रही एक मिनीबस पर सवार तीन आम नागरिक घायल हुए हैं.
पिछले महीने ही एक आत्मघाती हमलावर ने काबुल स्थित भारतीय दूतावास में विस्फोटकों से भरी एक कार घुसा कर धमाका कर दिया था जिसमें 41 लोग मारे गए थे और 141 घायल हो गए थे.
धमाके में दूतावास के डिफ़ेंस अटैची और एक वरिष्ठ राजदूत के अलावा दो सुरक्षा कर्मी भी मारे गए थे. इन चारों के अलावा वहाँ काम करने वाला एक अफ़गानी नागरिक भी मारा गया था.