http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 21 जुलाई, 2008 को 07:38 GMT तक के समाचार

बड़े खिलाड़ी लेकिन वोट नहीं

लोकसभा में यूपीए सरकार के विश्वास प्रस्ताव पर बहस चल रही है जहां मतदान भी होना है लेकिन इस राजनीतिक जोड़ तोड़ के लगभग सभी बड़े खिलाड़ी विश्वास प्रस्ताव पर वोट नहीं डालेंगे.

अगर पिछले पंद्रह बीस दिनों की राजनीतिक हलचल पर नज़र डालें तो महत्वपूर्ण धुरियों के रुप में उभरे नेता या तो राज्यसभा के हैं या फिर विधायक हैं.

भारत अमरीका परमाणु समझौते पर वाम दलों ने समर्थन वापस लिया जिसे कई लोगों ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सीपीएम महासचिव प्रकाश कारत की लड़ाई भी क़रार दे दिया था.

ये दोनों नेताओं की नाक की लड़ाई भले न हो लेकिन ये दोनों महत्वपूर्ण नेता हैं और ये दोनों ही विश्वास प्रस्ताव पर वोट नहीं डालेंगे.

क्योंकि मनमोहन सिंह राज्यसभा के सदस्य हैं जबकि प्रकाश कारत किसी भी सदन के सदस्य नहीं है.

इतना ही नहीं पूरे जोड़ तोड़ में सबसे महत्वपूर्ण नेता के तौर पर उभरी मायावती भी वोट नहीं डालेंगी क्योंकि वो यूपी से विधायक हैं.

इस पूरे घटनाक्रम में मुख्य भूमिका निभाने वाले समाजवादी पार्टी के दोनों महत्वपूर्ण नेता यानी मुलायम सिंह यादव और अमर सिंह भी वोट नहीं डालेंगे क्योंकि अमर सिंह राज्यसभा सांसद हैं और मुलायम सिंह विधायक.

बड़े नेताओं में सिर्फ बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ही ऐसे हैं जो लोकसभा सांसद हैं विश्वास प्रस्ताव के दौरान वोट डालेंगे.