सोमवार, 21 जुलाई, 2008 को 13:35 GMT तक के समाचार
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बैनर्जी ने स्पष्ट कर दिया है कि वे मनमोहन सिंह सरकार के विश्वास प्रस्ताव पर मतदान के दौरान लोकसभा में मौजूद नहीं रहेंगी.
कोलकाता में एक रैली के दौरान ममता ने कहा कि वे दिल्ली नहीं जाएँगी.
उन्होंने कहा, "मैं दिल्ली नहीं जा रही हूँ. मैं ना कांग्रेस के लिए वोट डाल सकती हूँ, ना बीजेपी के लिए और ना ही सीपीएम के लिए."
लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस की प्रतिनिधि सिर्फ़ ममता बैनर्जी ही हैं यानी उनकी पार्टी के पास सिर्फ़ एक सीट है.
हाल ही में उन्होंने कहा था कि वे विश्वास प्रस्ताव पर मतदान का फ़ैसला पश्चिम बंगाल की जनता का हित देखते हुए करेंगी.
ममता बैनर्जी ने पहले ये संकेत दिए थे कि वह परमाणु मुद्दे पर सरकार का समर्थन कर सकती हैं. उन्होंने कहा था कि आईएईए के साथ सुरक्षा मानदंड संबंधी समझौते को रोककर वामपंथी पार्टियाँ ग़लत कर रही हैं.
हाल ही में उन्होंने यह भी कहा था कि ऐसे दस्तावेज़ बहुत गोपनीय होते हैं और उन्हें सरकार से बाहर के किसी के साथ बाँटा नहीं जा सकता.