सोमवार, 21 जुलाई, 2008 को 15:42 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के अधिकारियों के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी बलूचिस्तान सूबे में पिछले कुछ दिनों में विद्रोहियों और सेना के बीच हुए संघर्ष में कम से कम 30 विद्रोही और छह सैनिक मारे गए हैं. संघर्ष अभी जारी है.
अधिकारियों का कहना है कि पिछले सप्ताहांत डेरा बुगटी इलाक़े में जब चरमपंथियों ने सैनिक बलों और गैस के संयत्रों पर हमला किया तब यह संघर्ष शुरु हुआ.
उल्लेखनीय है कि बलूच कबायली गुट के लोग राजनीतिक स्वायत्तता को बढ़ाने और इलाक़े के गैस और तेल के प्राकृतिक भंडारों में अधिक हिस्से की माँग कर रहे हैं.
समाचार एजेंसियों के मुताबिक मारे गए लोगों में पाकिस्तान पेट्रोलियम लिमिटेड के एक इंजीनियर भी शामिल हैं.
बलूचिस्तान गैस के भंडार के हिसाब से पाकिस्तान में बड़ा महत्व रखता है और वहाँ सुई नामक जगह पर मिलनेवाली गैस से पूरे पाकिस्तान की आधी से अधिक ज़रूरत पूरी होती है.