http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 18 जुलाई, 2008 को 08:11 GMT तक के समाचार

डेरा समर्थकों और सिखों की फिर झड़पें

हरियाणा के सिरसा ज़िले के डबवाली नगर में शुक्रवार को डेरा सच्चा सौदा के समर्थकों और सिखों के बीच झड़पें हुई हैं जिनमें एक आदमी की मौत हो गई है.

समाचार एजेंसियों ने पुलिस के हवाले से बताया है कि मरने वाला युवक सिख है. इस घटना के बाद प्रशासन ने डबवाली में सुबह 11 बजे से अनिश्चित काल के लिए कर्फ़्यू लगा दिया है.

सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए कस्बे में रैपिड एक्शन फ़ोर्स (आरएफ़) की दो और और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ़) की एक कंपनी तैनात कर दी गई है.

झड़प की इन घटनाओं के बाद हरियाणा के पड़ोसी राज्य पंजाब में पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है.

डेरा प्रमुख बाबा राम रहीम गुरमीत सिंह कई कारणों से सिख समुदाय के निशाने पर रहे हैं और इस कारण दोनों पक्ष के बीच जब-तब झड़प होती रहती है.

'नामचर्चा' के दौरान छिड़ा विवाद

डेरा समर्थकों की सुबह की प्रार्थना 'नामचर्चा' के दौरान हुए विवाद ने झड़प का रूप ले लिया.

पुलिस का कहना है कि सिख कार्यकर्ताओं ने प्रार्थना को रोकने की कोशिश की जिससे बात बिगड़ गई.

सिरसा के उपायुक्त वी उमाशंकर ने बताया, "सिख समर्थकों के समूह में शामिल एक आदमी की इसमें मौत हो गई."

पुलिस के मुताबिक़ मरने वाले की पहचान मंदार सिंह के रूप में की गई है जिसे दोनों पक्षों के बीच हुए पथराव के दौरान सर पर चोट लगी है.

'पुलिस को नहीं थी सूचना'

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि आम तौर पर पुलिस को डेरा वाले इस तरह की प्रार्थना के बारे में पहले से सूचना देते थे लेकिन इस बार पुलिस को कोई ख़बर नहीं दी गई थी इसलिए वे कोई व्यवस्था नहीं कर सके थे.

समाचार एजेंसियों का कहना है कि प्रार्थना में डेरा के करीब तीन दर्जन लोग शामिल थे जबकि विरोध करने पहुँचे सिखों की संख्या चार दर्जन के करीब थी.

ताज़ा घटना के बाद सिरसा और डबवाली में तनाव की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है.

पुलिस के मुताबिक़ इन इलाक़ों में हालात पर नज़र रखने के लिए रैपिड एक्शन फ़ोर्स की दो कंपनी भी तैनात की गई है.

पिछले महीने ही मुंबई में कथित तौर पर डेरा प्रमुख के अंगरक्षक की गोली से एक आदमी की मौत हो गई थी जिसके बाद पंजाब में भारी तोड़फोड़ हुई थी.