शनिवार, 12 जुलाई, 2008 को 15:26 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान ने कहा है कि अल क़ायदा नेता ओसामा बिन लादेन को ढूँढने के लिए वो अमरीका या किसी अन्य विदेशी सेना को अपनी ज़मीन इस्तेमाल करने की इजाज़त नहीं देगा.
अमरीका यात्रा पर गए पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने ये बात एपी से बातचीत में कही.
शाह महमूद क़ुरैशी का कहना था, "किसी तरह के बाहरी हस्तक्षेप का नतीजा उल्टा हो होगा और पाकिस्तानी लोग इसे स्वीकार नहीं करेंगे."
उन्होंने कहा कि अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगे कबायली इलाक़े में पर्याप्त संख्या में पाकिस्तानी सैनिक तैनात हैं.
इन इलाक़ों को तालेबान और अल क़ायदा का गढ़ माना जाता है.
कई दिनों से इस तरह की अटकलें चल रही हैं कि अफग़ानिस्तान से सटे पाकिस्तानी इलाक़ों में अमरीका हमला कर सकता है.
पिछले महीने पाकिस्तान ने कहा था अमरीकी हवाई हमले में सीमा के पास 11 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं.इस घटना के बाद दोनों पक्षों में तनाव चल रहा है.
चरमपंथी हमला
इस बीच शनिवार को पाकिस्तान में हुए चरमपंथी हमले में कम से कम आठ सैनिक मारे गए हैं.
पुलिस के मुताबिक हूंगू शहर के बाहर अफ़ग़ान सीमा के पास काफ़िले पर हुए हमले में 22 लोग घायल भी हुए हैं.
माना जा रही है कि जबावी गोलीबारी में तीन चरमपंथी भी मारे गए हैं. चरमपंथियों ने काफ़िले पर तब हमला किया जब
अफ़ग़ान सीमा से लगे हंगू इलाक़े में पहले भी जातीय हिंसा होती रही है. पेशावर में भी हमले की संख्या बढ़ी है.
हंगू में हमला ऐसे समय हुआ है जब अमरीकी ज्वाइंट चीफ़स ऑफ़ स्टाफ़ के चेयरमैन एडमिरल माइक मलन पाकिस्तान के एक दिन के दौरे पर हैं.
उन्होंने कई राजनीतिक और सैन्य अधिकारियों से बात की.