शनिवार, 12 जुलाई, 2008 को 17:23 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर प्रांत में एक धमाके में कम-से-कम आठ सैनिक मारे गए हैं.
सेना के अधिकारियों का कहना है कि तालेबान चरमपंथियों ने घात लगाकर यह हमला किया था.
हंगू ज़िले में सेना के काफ़िले पर हुए ज़ोरदार हमले में कम से कम 20 लोग घायल हो गए हैं.
हमले के फ़ौरन बाद पाकिस्तानी सेना ने लड़ाकू हेलिकॉप्टरों से चरमपंथियों के ठिकानों पर हमला किया है.
चरमपंथियों की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उनका एक साथी मारा गया है.
पेशावर से बीबीसी संवाददाता का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
इसी इलाक़े में कुछ दिन पहले चरमपंथियों ने 29 लोगों का अपहरण कर लिया था जिनमें से ज्यादातर सैनिक थे.
हंगू ज़िला अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से लगा है और इसे तालेबान समर्थक चरमपंथियों का गढ़ माना जाता है.