http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 11 जुलाई, 2008 को 19:41 GMT तक के समाचार

पाकिस्तान को लेकर अमरीकी चिंता

अमरीकी सेना के एक वरिष्ठ कमांडर का कहना है कि विदेशी लड़ाके और अलक़ायदा चरमपंथी पाकिस्तान के कबायली इलाक़ों का इस्तेमाल कर रहे हैं.

ज्वाइंट चीफ़ ऑफॉ स्टाफ़ के चेयरमैन एडमिरल माइक मुलेन ने कहा है कि पाकिस्तान सरकार चरमपंथियों को अफ़ग़ानिस्तान में घुसने से रोकने के लिए कोई कारगर क़दम नहीं उठा रही है.

पाकिस्तान-अफ़ग़ानिस्तान सीमा पर अमरीकी सैनिकों पर बढ़ते हमलों के बीच उनका यह बयान आया है.

संवाददाताओं का कहना है कि अमरीका पाकिस्तान में चरमपंथियों के ठिकानों पर हमले कर सकता है.

पिछले महीने अमरीकी सेना ने मिसाइल से कबायली इलाक़े के एक ठिकाने पर हमला किया था.

पाकिस्तान इस पर औपचारिक विरोध जता चुका है. इस हमले में ग्यारह पाकिस्तानी सैनिक भी मारे गए थे.

अमरीकी रक्षामंत्री रॉबर्ट गेट्स भी कह चुके हैं कि तालेबान से निपटने की कोशिशों में पाकिस्तान की ओर से ढीलापन चिंताजनक है.

उन्होंने कहा था कि इस ढीलेपन की वजह से चरमपंथी गतिविधियों में ख़ासी तेज़ी आई है.

रॉबर्ट गेट्स ने यह बात अफ़ग़ानिस्तान में बढ़ते चरमपंथी हमलों पर जारी हुई एक रिपोर्ट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कही थी.

अमरीका के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी ने पिछले दिनों अपनी जाँच में पाया है कि पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में इस वर्ष तालेबान के हमलों में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.