http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 10 जुलाई, 2008 को 00:08 GMT तक के समाचार

छह दिनों में ढाई सौ से ज़्यादा मौतें

रेड क्रॉस का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान में पिछले एक हफ़्ते के दौरान चरमपंथी हमलों या सैन्य अभियानों में कम से कम ढाई सौ निर्दोष लोग मारे गए हैं.

अंतरराष्ट्रीय राहत और सहायता एजेंसी रेड क्रॉस ने सभी पक्षों से अपील की है कि वे ऐसे उपाय करें जिनसें हताहतों की संख्या कम हो.

इस बीच उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नैटो) ने एक अलग बयान जारी कर कहा है कि इस वर्ष शुरु से लेकर अब तक हिंसक घटनाओं में 900 से ज़्यादा लोग मारे जा चुके हैं.

हिंसा की ताज़ा कड़ी में सोमवार को काबुल स्थित भारतीय दूतावास पर हुए आत्मघाती धमाके में 40 से ज़्यादा लोग मारे गए थे.

अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई विदेशी सेना से अपील करते रहे हैं कि वे हमलों के दौरान ज़्यादा सावधानी बरतें.

रेड क्रॉस ने अपनी विज्ञप्ति में कहा है, "निर्दोषों को किसी भी हमले में निशाना नहीं बनाना चाहिए जब तक कि वो ख़ुद लड़ाई में शामिल हों."

रेड क्रॉस के बयान में पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान में एक शादी के समारोह के दौरान अमरीकी वायुसेना की बमबारी का ज़िक्र किया गया है जिसमें कई नागरिक मारे गए थे.

बयान में कहा गया है, "लक्ष्य निर्धारित करने से पहले पुष्टि कर लेनी चाहिए कि हमले में कम से कम लोग हताहत हों और कम क्षति हो."