सोमवार, 07 जुलाई, 2008 को 15:38 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के शहर कराची में सोमवार को सिलसिलेवार ढंग से सात बम धमाके हुए हैं.
पुलिस का कहना है कि इसमें दो लोगों की मौत हो गई है और क़रीब 40 लोग घायल हो गए हैं.
अभी स्पष्ट नहीं है कि धमाका किसने किया पर कराची में राजनीतिक और जातीय हिंसा का इतिहास रहा है इसलिए ऐसी किसी आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है.
उधर राज्य के मुख्यमंत्री ने इस घटना की जाँच के लिए एक टीम को नियुक्त कर दिया है.
इसी साल जनवरी में कराची में हुए बम धमाके में कम से कम आठ लोग मारे गए थे. मरनेवालों में दो बच्चे भी शामिल थे. धमाका कराची के औद्योगिक क्षेत्र में हुआ था.
वर्ष 2007 में पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनज़ीर भुट्टो पर एक रैली में हमला हुआ था लेकिन इस हमले में वो बच गई थीं.
वर्ष 2006 में ईद-ए-मिलाद उल नबी के मौक़े पर आयोजित समारोह में बम धमाका हुआ था जिसमें 50 लोग मारे गए थे.
अभी सोमवार को ही पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में आत्मघाती हमला हुआ था. इस हमले में 19 लोग मारे गए थे जिनमें से 14 पुलिसकर्मी और पाँच आम नागरिक हैं,
इस्लामाबाद में हुए इस धमाके को लाल मस्जिद पर हुई सैनिक कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है. यह धमाका मस्जिद के निकट स्थित थाने के बाहर हुआ था.