http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 02 जुलाई, 2008 को 19:06 GMT तक के समाचार

बस दुर्घटना में 13 तीर्थयात्रियों की मौत

पुलिस के अनुसार उत्तराखंड राज्य के उत्तरकाशी में एक बस के गंगा नदी में गिर जाने से कम से कम 13 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई है और 32 अन्य घायल हुए हैं.

मृतकों में नौ पुरुष हैं और चार महिलाएँ. अभी इनकी पहचान नहीं हो सकी है.

पुलिस के अनुसार घायल यात्रियों का कहना है कि कोई दस लोग गंगा की तेज़ घारा में बह गए हैं और प्रशासन उनकी तलाश कर रहा है.

घायलों को उत्तरकाशी ज़िला मुख्यालय में इलाज के लिए लाया गया है.

स्थानीय पत्रकार लोकेंद्र सिंह बिष्ट ने बीबीसी को बताया कि यह बस बुधवार की सुबह गंगोत्री से हरिद्वार के लिए निकली थी.

उत्तरकाशी से 11 किलोमीटर दूर नाकुरी पहुँचने पर वहाँ बस का टायर फट गया और बस असंतुलित होकर नदी में गिर गई.

आईटीबीपी के जवानों की मदद से घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया.

पुलिस का कहना है कि घायल लोग झारखंड, राजस्थान और कर्नाटक आदि राज्यों के हैं. जबकि मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है.