http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 28 जून, 2008 को 11:04 GMT तक के समाचार

पेशावर में सेना की बड़ी कार्रवाई

पाकिस्तानी सेना ने सूबा सरहद की राजधानी पेशावर में चरमपंथियों के ख़िलाफ़ एक बड़ा अभियान शुरू किया है.

पाकिस्तानी सैनिकों ने पेशावर को खैबर दर्रे से जोड़ने वाले हाइवे पर नाकाबंदी कर दी है.

पेशावर से बीबीसी संवाददाता का कहना है कि सेना ने पहाड़ पर बने चरमपंथियों के मोर्चों पर गोलाबारी की है.

ख़बर है कि अब तक की गोलाबारी में एक चरमपंथी की मौत हो गई है.

माना जा रहा है कि हथियारबंद गुटों का संपर्क अफ़ग़ानिस्तान की सीमा पर स्थित कबायली इलाक़ों से काटने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है.

खैबर दर्रा मुख्य मार्ग है जिससे पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान की सीमा जुड़ी है.

पाक-अफ़गान सीमा पर स्थित इलाक़े तालेबान समर्थक स्थानीय हथियारबंद गुटों का गढ़ माने जाते हैं.

इस बीच पाकिस्तानी सेना के लिए मुसीबत बन चुके चरमपंथी बैतुल्ला महसूद ने घोषणा की है कि वे सरकार के साथ चल रही बातचीत को स्थगित कर रहे हैं.

महसूद ने सरकार पर अपने वादे से मुकरने का आरोप लगाया है, पाकिस्तान सरकार ने कबायली इलाक़ों से सेना हटाने का आश्वासन दिया था.

बैतुल्ला महसूद सैकड़ों पाकिस्तानी सैनिकों के अपहरण जैसे कई मामलों के लिए ज़िम्मेदार माने जाते हैं.