http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 24 जून, 2008 को 12:25 GMT तक के समाचार

नवाज़ पर फ़ैसले को कोर्ट में चुनौती

पाकिस्तान की सरकार ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ को चुनाव लड़ने से बाधित करने के अदालत के फ़ैसले को वो चुनौती देगी.

प्रधानमंत्री यूसुफ़ रज़ा गिलानी का कहना है कि नवाज़ शरीफ़ के समर्थन में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की जाएगी.

सोमवार को लाहौर हाई कोर्ट ने फ़ैसला दिया था कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग( नवाज़) के अध्यक्ष नवाज़ शरीफ़ आने वाले उपचुनाव में हिस्सा नहीं ले सकते.

लाहौर हाई कोर्ट का कहना था कि नवाज़ शरीफ़ को अपराध के लिए दोषी ठहराया जा चुका है इसलिए उन्हें चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती.

पाकिस्तान सरकार पर इस बात पर भी विचार कर रही है कि गुरुवार को होने वाले चुनाव को फ़िलहाल टाल दिया जाए.

नवाज़ शरीफ़ की पार्टी सत्ताधारी दल पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी को समर्थन दे रही है. हालांकि पाकिस्तान की सरकार ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ को चुनाव लड़ने से बाधित करने के अदालत के फ़ैसले को वो चुनौती देगी.

वर्ष 1999 में तात्कालीन सेनाध्यक्ष परवेज़ मुशर्रफ़ के विमान का अपहरण कराने के आरोप में अदालत ने नवाज़ शरीफ़ को दोषी ठहराया था. इसी कारण उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगाई गई.

‘कथित विमान अपहरण की साज़िश' के बाद के घटनाक्रमों में नवाज़ शरीफ़ का तख़्तापलट हुआ था.

इस महीने जून में ऐसा लगा था कि चुनाव आयोग ने नवाज़ शरीफ़ के चुनाव लड़ने का रास्ता साफ़ कर दिया है.

लेकिन इसे चुनौती देने वाली याचिका पर अपने फ़ैसले में लाहौर हाई कोर्ट ने पहले के आदेश को क़ायम रखा है.