शनिवार, 21 जून, 2008 को 09:26 GMT तक के समाचार
दक्षिण अफ़ग़ानिस्तान के कंधार प्रांत में हुए एक बम धमाके में अमरीकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना के चार सैनिक मारे गए हैं. सैन्य अधिकारी ने बताया कि विस्फोट में दो अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
बम विस्फोट का निशाना बने ये सैनिक किस देश के हैं, इस बारे में तत्काल पता नहीं चल सका है.
इसके साथ ही पिछले दो सप्ताह में विभिन्न घटनाओं में मरने वाले गठबंधन सैनिकों की तादाद 16 हो गई है.
दावा
इससे पूर्व, उत्तर अटलांटिक संधि संगठन यानी नैटो और अफ़ग़ान सैन्य बलों ने दावा किया था कि कंधार में बड़े सैनिक अभियान के दौरान उन्होंने बड़ी संख्या में तालेबान लड़ाकों को इस इलाक़े से खदेड़ दिया था.
अफ़ग़ान अधिकारियों का कहना है कि गुरुवार को कंधार शहर के पास अर्ग़न्दाब ज़िले में हुई लड़ाई में 56 तालेबान और दो अफ़ग़ान सैनिक मारे गए, लेकिन इस ख़बर की किसी स्वतंत्र सूत्र से पुष्टि नहीं हो सकी है.
ग़ौरतलब है कि 13 जून को कंधार की जेल से लगभग 350 तालेबान लड़ाके दूसरे क़ैदियों के साथ भाग गए थे. इनमें से कुछ लोगों को ही वापस पकड़ा जा सका.
इसके बाद अमरीकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना ने तालेबान लड़ाकों के सफ़ाए के लिए अभियान चलाया था.