http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 20 जून, 2008 को 06:03 GMT तक के समाचार

हेलमंद में आत्मघाती हमला, 10 मरे

अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी प्रांत हेलमंद में नैटो के गश्तीदल को निशाना बनाकर एक आत्मघाती हमला हुआ है. इसमें कम से कम दस नागरिकों की मौत हुई है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गरेश्क शहर में हमलावर ने भीड़-भरे बाज़ार में नैटो के एक गश्त वाहन के पास अपने आपको उड़ा लिया.

उनका कहना है कि नैटो के किसी सैनिक के हताहत होने की जानकारी नहीं है.

समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार पुलिस प्रमुख मोहम्मद हुसैन आंदिवाल ने बताया, "हमलावर बाज़ार में नैटो के गश्त वाहन तक पैदल चलकर आया और फिर अपने शरीर से बंधे विस्फोटक में विस्फोट कर लिया."

यह आत्मघाती हमला ऐसे समय में हुआ है जब नैटो ने एक दिन पहले यानी गुरुवार को यह दावा किया था कि उन्होंने भारी कार्रवाई करते हुए कंधार को तालेबान से मुक्त कर लिया है.

इससे पहले कंधार के एक जेल में तालेबान ने हमला किया था और जेल के एक हज़ार क़ैदियों को छुड़वा लिया था. इसमें कोई चार सौ तालेबान थे.