मंगलवार, 17 जून, 2008 को 08:21 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ानिस्तान के अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान के कई गाँवों को क़रीब पाँच सौ तालेबान लड़ाकों ने अपने कब्ज़े में कर लिया है. सैकड़ों लोग घर छोड़ कर भाग गए.
कंधार के नज़दीक अरगाँधव ज़िले में ये गाँव स्थित हैं.
उल्लेखनीय है कि गत 13 जून को तालेबान ने कंधार के जेल पर हमला कर वहाँ के सभी क़ैदियों को छुड़ा दिया था इसमें क़रीब 350 तालेबान लड़ाके थे.
अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जेल से भागे तालेबान लड़ाके भी इस कार्रवाई में शामिल हैं या नहीं.
अफ़ग़ानिस्तान और उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नैटो) के अधिकारियों ने कहा है कि जेल से भागे हुए लड़ाकों के 'किसी संभावित ख़तरों' से बचने के लिए वे फिर से सैनिकों को तैनात कर रहे हैं.
कंधार पर पूर्व में तालेबान का दबदबा रहा है. यहाँ अफ़ग़ानिस्तान सरकार और नैटो के सेनाओं को तालेबान लड़ाकों से काफ़ी जूझना पड़ा है.
एक अन्य घटनाक्रम में पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान में अफ़ग़ानिस्तान के राजदूत को बुला कर औपचारिक रूप से अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई के बयान पर अपना विरोध दर्ज करवाया.
रविवार को करज़ई ने कहा था कि अफ़ग़ानिस्तान को यह अधिकार है कि वह सीमा पार अपने सैनिकों को भेज कर पाकिस्तान में रह रहे चरमपंथियों को निशाना बनाए.
अमरीका का कहना है कि सीमा पार पाकिस्तान से होने वाले हमले चिंता का विषय है.