http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 16 जून, 2008 को 14:45 GMT तक के समाचार

बाढ़ और भूस्खलन में 23 लोगों की मौत

भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है.

अधिकारियों का कहना है कि असम और अरुणाचल प्रदेश में सैकड़ों घर बाढ़ और भूस्खलन में क्षतिग्रस्त हो गए है और हज़ारों लोग बेघर हो गए है.

रविवार को मिली ख़बर के मुताबिक अरुणाचल प्रदेश में हो रही भारी बारिश के कारण राजधानी इटानगर में हुए भूस्खलन में 14 लोग मारे गए थे. मरने वालों में एक ही परिवार के चार सदस्य हैं.

हाल के दिनों में मानसून आने बाद इन राज्यों में सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. मौसम के जानकारों का कहना है कि आने वाले कुछ घंटों में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है.

सेवाएँ बाधित

ख़बर है कि पूर्वोत्तर राज्य की मुख्य नदी ब्रह्मपुत्र और उसकी सहायक नदियाँ कई जगहों पर ख़तरे के निशान से ऊपर बह रही हैं.

शनिवार सुबह इटानगर में एक झोपड़ी के ऊपर भारी मात्रा में मिट्टी गिर जाने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी. पड़ोसियों ने क्षतिग्रस्त झोपड़ी से मलबा हटाकर शवों को बाहर निकाला.

रविवार को अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री दोरजी खाँडू ने भूस्खलन में मारे गए लोगों के परिजनों को एक लाख रुपए और गंभीर रूप से घायल लोगों के इलाज के लिए 25 हज़ार रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की थी.

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण इन राज्यों में कई जगह बिजली और टेलीफ़ोन सेवाएँ भी प्रभावित हुई हैं.