शनिवार, 14 जून, 2008 को 21:35 GMT तक के समाचार
उत्तर अटलांटिक संधि संगठन नैटो ने स्वीकार किया है कि अफ़ग़ानिस्तान के कंधार शहर की जेल से क़ैदियों को छुड़ा ले जाना तालेबान चरमपंथियों की रणनीतिक सफलता है.
बीबीसी से बातचीत में अफ़ग़ानिस्तान में नैटो के प्रवक्ता जनरल कार्लोस ब्रांको ने कहा कि ये एक अलग थलग घटना है और इससे ये निष्कर्ष नहीं निकालना चाहिए कि तालेबान मजबूत हो रहे हैं अथवा अफ़ग़ानिस्तान में सुरक्षा की स्थिति ख़राब हो रही है.
नैटो का कहना है कि तालेबान चरमपंथी जेल पर हमला करके लगभग 1100 क़ैदियों को छुड़ा ले गए. इन क़ैदियों में से 400 तालेबान समर्थक थे.
इस हमले में कई सुरक्षाकर्मियों की जानें गई हैं.
चिंता
अधिकारियों के अनुसार जेल के मुख्य द्वार को उड़ाने के लिए एक लॉरी बम से विस्फोट किया गया और फिर लगभग 40 तालेबान जेल के भीतर घुस आए और क़ैदियों को छुड़ा ले गए.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जेल का मुख्य दरवाज़ा तोड़ने के लिए जो विस्फोट किया गया वह इतना शक्तिशाली था कि तीन किलोमीटर दूर तक खिड़कियों के शीशे टूट गए थे.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि यह ऐसी घटना है जो अफ़ग़ान पुलिस को भी चिंता में डालेगी और दूसरे सुरक्षा बलों को भी.
कंधार उन चुनिंदा जगहों में से एक है जहाँ से राष्ट्रपति करज़ई, नैटो और अमरीकी सेना के ख़िलाफ़ विद्रोह कर रहे तालेबान के ख़िलाफ़ जंग लड़ी जा रही है.
पिछले ही महीने कंधार जेल में क़ैदियों ने भूख हड़ताल कर दी थी और एक संसदीय दल के आश्वासन पर वह हड़ताल ख़त्म हुई थी.