शनिवार, 14 जून, 2008 को 07:32 GMT तक के समाचार
अफ़ग़ान सुरक्षाकर्मियों ने कंधार जेल से भाग निकले सैंकड़ों क़ैदियों को पकड़ने का अभियान छेड़ दिया है. तालेबान लड़ाकों ने जेल के मुख्य द्वार को उड़ा दिया था.
कंधार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि तालेबान लड़ाकों ने कार बम और रॉकेटों से हमला किया था.
इस हमले में जेल का मुख्य द्वार टूट गया. इसका फ़ायदा उठाते हुए लगभग 340 तालेबान चरमपंथी भाग निकले और हमले में 15 पुलिसकर्मी मारे गए.
कंधार काउंसिल के प्रमुख वली करज़ई ने बताया कि कुल मिलाकर लगभग एक हज़ार क़ैदी जेल से भाग निकले.
शहर में आपात स्थिति की घोषणा कर दी गई है.
तालेबान के प्रवक्ता क़ारी यूसुफ़ अहमदी ने कहा है कि मोटरसाइकलों पर सवार 30 लड़ाकों और दो आत्मघाती हमलावरों ने जेल को निशाना बनाया और अपने लगभग चार सौ साथियों को निकालने में कामयाब रहे.
पुलिस और सेना शहर के सारे रास्तों पर जाँच पड़ताल कर रही है. लोगों से अपने-अपने घरों में रहने को कहा गया है.
जेल के मुख्य अधिकारी अब्दुल क़बीर ने बताया कि कुछ क़ैदियों ने भागने की बज़ाए जल में ही रहना उचित समझा.