http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 11 जून, 2008 को 20:42 GMT तक के समाचार

कंधार में 260 टन हशीश पकड़ी गई

अफ़ग़ान पुलिस और ब्रितानी विशेष बल ने 260 टन हशीश बरामद की है.

अधिकारियों का कहना है कि वज़न की दृष्टि से दुनिया में पहली बार इतने बड़े पैमाने पर नशीली दवा पकड़ी गई है.

इससे पहले नशीली दवा बरामद करने का रिकॉर्ड कोलंबिया में बना था जहाँ 81 टन कोकेन पकड़ी गई थी.

अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी प्रांत कंधार में खंदकों में छिपाकर रखी गई हशीश सोमवार को बरामद की गई.

वहाँ हशीश इतने बड़े पैमाने में थी कि उसे नष्ट करने के लिए ब्रितानी जहाज़ों से बम गिराकर उसे नष्ट करना पड़ा.

अफ़ग़ान और ब्रितानी अधिकारियों का कहना है कि पकड़ी गई नशीली दवाओं की क़ीमत 40 करोड़ डॉलर यानी कोई 16 सौ करोड़ रुपए है.

अफ़ग़ानिस्तान में नैटो के प्रमुख डेविड मैक्कीयरनन का कहना है कि इससे तालेबान के हथियार ख़रीदने की क्षमता पर बुरी तरह असर पड़ेगा.

नशीली दवाओं के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.

नशीली दवा को ऐसे समय में नष्ट किया गया है जब पेरिस में अफ़ग़ानिस्तान के दानदाता देशों का एक अहम सम्मेलन होने जा रहा है.

दुनिया भर में अफ़ग़ानिस्तान में अफ़ीम के उत्पादन पर पहले भी चिंता जताई जाती रही है.

इस समय अफ़ग़ानिस्तान दुनिया का सबसे अधिक अफ़ीम पैदा करने वाला देश है. वहाँ अफ़ीम की ज़्यादातर खेती अवैध होती है.