http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 09 जून, 2008 को 19:48 GMT तक के समाचार

शेख हसीना को अदालत से राहत

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को अदालत से कुछ राहत मिली है.

कोर्ट ने कहा है कि अब शेख़ हसीना उनपर चलाए जा रहे मुक़दमों की सुनवाई के दौरान अदालत में मौजूद होने के लिए बाध्य नहीं है.

अदालत के इस ताज़ा फ़ैसले से शेख हसीना को कुछ राहत ज़रूर मिलेगी और अब वो अपने उपचार आदि के लिए देश से बाहर यात्रा भी कर सकती हैं.

शेख हसीना पर पिछले कुछ महीनों से बांग्लादेश में भ्रष्टाचार के कुछ आरोपों के तहत मुक़दमा चल रहा है.

उनके वकील ने बताया कि कोर्ट की इस ताज़ा राहत के बाद अब शेख हसीना अमरीका जाकर वहाँ अपने कान और आँखों की तकलीफ़ का इलाज करा सकती हैं.

संवाददाताओं का कहना है कि अगले कुछ दिनों में शेख़ हसीना की रिहाई हो सकती है.

इस ताज़ा फ़ैसले से पहले भी एक अन्य अदालत बांग्लादेश सरकार को यह आदेश जारी कर चुकी है कि शेख हसीना को उनका पासपोर्ट लौटा दिया जाए.

ग़ौरलतब है कि वर्ष 1996 से 2001 तक बांग्लादेश में सत्ता की बागडोर संभाल चुकी शेख हसीना को पिछले दिनों बांग्लादेश की अंतरिम सैन्य सरकार ने हिरासत में ले लिया था.

बांग्लादेश पिछले 18 महीनों ने आपातकाल देख रहा है और वहाँ कई प्रमुख नेताओं के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार या अधिकारों के दुरुपयोग के मामले चलाए जा रहे हैं.

हालांकि अंतरिम सरकार ने वादा किया है कि देश में लोकतंत्र की बहाली के लिए इस वर्ष के अंत तक आम चुनाव करवाए जाएंगे.