http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 07 जून, 2008 को 11:13 GMT तक के समाचार

मुशर्रफ़ का पद छोड़ने का इरादा नहीं

पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने कहा है कि फिलहाल उनका इस्तीफ़ा देने और राजनीतिक वनवास में चले जाने का कोई इरादा नहीं है.

पिछले दिनों मीडिया में इस तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं कि राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ इस कुर्सी पर अब कुछ ही दिन के मेहमान हैं.

इन्हीं ख़बरों के संदर्भ में राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि वह देश की मौजूदा सरकार का समर्थन करते हैं और इस सरकार को आगे भी समर्थन देना जारी रखेंगे.

फ़रवरी 2008 में हुए चुनावों में मुस्लिम लीग (क़ायदेआज़म) पार्टी हार गई थी. वो पार्टी परवेज़ मुशर्रफ़ को समर्थन वाली थी.

उसके बाद से पाकिस्तान में इस तरह की आवाज़ें उठ रही हैं कि चुनावों में उनकी पार्टी की हार को देखते हुए परवेज़ मुशर्रफ़ को राष्ट्रपति पद से हट जाना चाहिए.

लेकिन इस तरह की आवाज़ों और बढ़ते विरोध के बावजूद राष्ट्रपति परवेज़ मुशर्रफ़ अपे पद पर बने हुए हैं.

शनिवार को परवेज़ मुशर्रफ़ ने पत्रकारों से कहा, "मैं फिलहाल इस्तीफ़ा नहीं दे रहा हूँ."

ध्यान रहे कि मौजूदा सरकार ने राष्ट्रपति के अधिकारों में कटौती करने के लिए कुछ संवैधानिक संशोधनों की पेशकश की है. इस पर परवेज़ मुशर्रफ़ का कहना था कि वह यह पसंद नहीं करेंगे कि राष्ट्रपति के पद को सिर्फ़ नाम मात्र का बनाकर छोड़ दिया जाए.

परवेज़ मुशर्रफ़ ने कहा, "मेरी नज़र इस मसले पर लगातार है. मैं कोई ऐसी सब्ज़ी बनकर नहीं रह सकता जिसका कोई इस्तेमाल ना हो सके."

परवेज़ मुशर्रफ़ ने अक्तूबर 1999 में एक सैनिक विद्रोह के ज़रिए तत्कालीन प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ को हटाकर सत्ता हासिल की थी.

तब से सत्ता उन्हीं के हाथों में रही है लेकिन उन्होंने साल 2007 के अंत में सेनाध्यक्ष का पद छोड़ दिया था.