http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 31 मई, 2008 को 22:35 GMT तक के समाचार

भूकंप से बनी झील के फूटने का ख़तरा

चीन के सिचुआन प्रांत में भूकंप के बाद बन गई झील के फूट जाने के ख़तरे को देखते हुए दो लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया है.

मियानयांग शहर के कोई 70 हज़ार लोग ऊँचाई वाले स्थानों पर ले जाए गए हैं.

भूकंप के कारण हुए भूस्खलन से नदियों का रास्ता रुक गया था और कोई 30 झीलें बन गई थीं.

इनमें से तांगजियाशान झील सबसे बड़ी है और इसी के फूटने का ख़तरा है.

अब वहाँ सैनिक झील से पानी निकालने के लिए रास्ता बनाने में लगे हुए हैं.

लेकिन यह आशंका बनी हुई है कि उनका काम पूरा होने से पहले ही कहीं झील फूट न जाए.

बचाव कार्य

चीन ने कोई दस लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाने की आपात योजना बना रखी है. ये लोग आसपास के इलाक़ों में रहते हैं जहाँ झील फूटने की स्थित में पानी चार घंटों में पहुँच जाएगा.

मियानयाँग शहर में मौजूद बीबीसी संवाददाता निक मैकी का कहना है कि सरकार स्थानीय लोगों को मीडिया के ज़रिए और नुक्कड़ सभाओं के ज़रिए आपात योजना की जानकारी देने की कोशिश कर रही है.

शहर के आसपास कोई 61 ठिकाने बनाए गए हैं जहाँ लोगों को लेजाकर ठहराया जा रहा है. आपात स्थिति में बच्चों, बूढ़ों और असहाय लोगों को ले जाने के लिए वाहनों की व्यवस्था रहेगी.

हालांकि ज़्यादातर लोग जो ख़तरे की घंटी सुनकर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए निकलेंगे वो पैदल ही जा सकेंगे क्योंकि वहाँ कारें या निजी वाहन ले जाने की अनुमति नहीं है.