शुक्रवार, 30 मई, 2008 को 02:40 GMT तक के समाचार
कर्नाटक के हासन ज़िले में एक ट्रक के संतुलन खो कर तालाब में गिरने से 40 लोगों की मौत हो गई है और लगभग 60 लोग घायल हुए हैं.
पुलिस का कहना है कि इस ट्रक पर सौ से ज़्यादा लोग सवार थे जिनमें महिलाएँ और बच्चे भी शामिल हैं.
ये लोग कोनानुर क़स्बे के निकट अग्राहारा गांव में जा रहे थे जहाँ उन्हें एक शादी की पार्टी में शामिल होना था.
गाँव के पास पहुँचते ही ट्रक पर सवार लोगों ने सड़क के ऊपर बिजली के तार की ओर चालक का ध्यान दिलाने की कोशिश की.
बिजली के तार की चपेट में आने के भय से ट्रक पर सवार लोग चिल्लाने लगे और चालक से गाड़ी पीछे करने को कहा.
इसी कोशिश में संतुलन बिगड़ा और ट्रक सड़क किनारे तालाब में गिर गया.
अधिकतर लोगों की मौत पानी में डूबने के कारण हुई. आस-पास के गाँव वाले दुर्घटनास्थल पर पहुँचे और उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुँचाया.