http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 26 मई, 2008 को 12:44 GMT तक के समाचार

श्रीलंका में धमाका, सात की मौत

श्रीलंका में सैन्य अधिकारियों का कहना है कि राजधानी कोलंबो के पास एक ट्रेन में हुए धमाके में कम से कम सात लोग मारे गए हैं.

अधिकारियों के मुताबिक ये धमाका डेहीवाला स्टेशन पर हुआ और ट्रेन में उस समय काफ़ी भीड़ थी. धमाका स्थानीय समयानुसार शाम को चार बजकर 50 मिनट पर हुआ.

घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. मलबे से कई शवों को निकाला गया है. रक्षा मंत्रालय का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.

अब तक किसी ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है. इस तरह के हमले पहले भी हो चुके हैं और उनके लिए तमिल विद्रोहियों को दोषी ठहराया गया था.

फ़रवरी में कोलंबो के मुख्य ट्रेन स्टेशन पर आत्मघाती हमला हुआ था जिसमें 11 लोग मारे गए थे.

कुछ दिन पहले ही तमिल विद्रोहियों ने श्रीलंकाई सेना पर आरोप लगाया था कि उसने विद्रोहियों के इलाक़े में एक बारुदी सुरंग को उड़ाया था जिसमें 16 लोग मारे गए थे.

इस साल सेना और विद्रोहियों के बीच लगातार झड़प चल रही है. सोमवार को श्रीलंका की वायु सेना के हेलीकॉप्टरों ने तमिल विद्रोहियों के ठिकानों पर हमला किया.