सोमवार, 26 मई, 2008 को 22:42 GMT तक के समाचार
भाजपा ने कहा है कि उन्हें कर्नाटक में पाँच निर्दलीय विधायकों का समर्थन हासिल हो गया है और सरकार बनाने के लिए आवश्यक बहुमत उन्हें हासिल हो गया है.
भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि वे पूरी तरह से सरकार बनाने की स्थिति में हैं और अब उन्हें सरकार बनाने का न्यौता मिलना चाहिए.
गौरतलब है कि 224 सदस्यों वाली विधानसभा में सत्तापक्ष की कुर्सी के लिए कम से कम 113 सीटों का आंकड़ा हासिल करना ज़रूरी है.
भाजपा इस चुनाव में सबसे बड़े दल के तौर पर उभरी है और उसके पास 110 विधायक हैं. यह आंकड़ा बहुमत से तीन मत कम था.
पर सोमवार को पार्टी ने पाँच निर्दलीय विधायकों की परेड कराकर आवश्यक बहुमत जुटा लेने और सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है.
येदियुरप्पा बने नेता
इससे पहले सोमवार को पार्टी का इन चुनावों में नेतृत्व कर रहे येदियुरप्पा को विधायक दल का नेता चुन लिया गया था.
भाजपा विधायक दल की सोमवार को बैठक बुलाई जिसमें औपचारिक रूप से येदियुरप्पा को नेता चुना गया.
इस बैठक में अरुण जेटली और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह भी मौजूद थे.
ख़बरों के अनुसार बीएस येदियुरप्पा के 28 मई को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की संभावना है.
पिछली बार वो मात्र सात दिन तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे थे.
कर्नाटाक विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद रविवार को दिल्ली में भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक हुई थी जिसमें पार्टी के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त किया गया. बैठक में सरकार गठन के बारे में भी चर्चा हुई.
भाजपा में जश्न
इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 110, कांग्रेस को 80, जनता दल (सेक्युलर) को 28 और निर्दलीय प्रत्याशियों को छह सीटों पर जीत हासिल हुई है.
इन चुनावों में सबसे ज़्यादा नुक़सान देवेगौड़ा की पार्टी को हुआ है.
पिछले चुनावों में 58 सीटों के साथ सत्ता के समीकरण तय करनेवाली यह पार्टी इस बार केवल 28 सीटों पर ही जीत हासिल कर पाई है.
परिणाम आने के बाद से ही भाजपा के खेमे में जश्न का माहौल है.
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने दिल्ली में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा था कि कर्नाटक का जनादेश स्पष्ट रूप से यूपीए के कमज़ोर होने का प्रमाण है.