शुक्रवार, 23 मई, 2008 को 11:38 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान में अधिकारियों ने कहा है कि कुछ अज्ञात बंदूकधारियों ने मोहम्मद इब्राहीम नामक एक पत्रकार की हत्या कर दी है.
पुलिस के अनुसार मोहम्मद इब्राहीम की हत्या अफ़ग़ान सीमा से लगने वाले क़बायली इलाक़े बाजौड़ में की गई है.
44 वर्षीय मोहम्मद इब्राहीम उर्दू के एक अख़बार एक्सप्रैस और उनके टेलीविज़न चैनल के लिए काम करते थे और तालेबान के एक प्रवक्ता
का
इंटरव्यू करने गए थे.
बाजौड़ इलाक़े में तालेबान की भारी मौजूदगी बताई जाती है.
पुलिस के अनुसार मोहम्मद इब्राहीम तालेबान संगठन तहरीके तालेबान पाकिस्तान (पाकिस्तान तालेबान आंदोलन) के प्रवक्ता मौलवी उमर का इंटरव्यू करके खर लौट रहे थे जो बाजौड़ इलाक़े का एक प्रमुख शहर है.
मोहम्मद इब्राहीम साईकिल पर सवार थे जब कुछ हमलावरों ने उन्हें घेर लिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि हमलावर काली कार में सवार थे और उन्होंने अचानक इब्राहीम पर हमला बोल दिया.
हमलावरों ने मोहम्मद इब्राहीम का मोबाइल फ़ोन, कैमरा और कुछ अन्य सामान छीन लिया और फिर उन्हें गोली मार दी.
अभी किसी संगठन ने मोहम्मद इब्राहीम की हत्या की ज़िम्मेदारी नहीं स्वीकार की है लेकिन अधिकारियों का कहना है कि इस हत्या में कम से कम दो लोग शामिल थे.
पूरे पाकिस्तान में पत्रकारों ने मोहम्मद इब्राहीम की हत्या की निंदा की है और बाजौड़ के पत्रकारों ने भी पेशावर में एक विरोध प्रदर्शन किया.