मंगलवार, 20 मई, 2008 को 10:51 GMT तक के समाचार
उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में सड़क पर हुए एक बम हमले में कम से कम पाँच लोग घायल हो गए.
पुलिस के अनुसार एक साइकिल में लगाया गया यह बम कोहाट के सैन्य क़स्बे में सेना के एक वाहन के नज़दीक फटा.
पाकिस्तान के सुरक्षा बल अक्सर चरमपंथी हमलों का निशाना बनते रहते हैं.
रविवार को उत्तर-पश्चिमी कस्बे मर्दन में हुए एक आत्मघाती हमले में चार सैनिकों समेत 13 लोग मारे गए थे.
मंगलवार को हुए इस बम हमले की ज़िम्मेदारी अब तक किसी ने नहीं ली है.
एक रिपोर्ट के अनुसार घायलों में सुरक्षा बल के कुछ जवान भी हैं.
क्षतिग्रस्त
यह बम तब फटा जब सेना का वाहन एक मुख्य चौराहे पर मुड़ रहा था.
पुलिस अधिकारी निज़ाम खान ने एएफ़पी समाचार एजेंसी को बताया कि इस विस्फोट में एक साइकिल रिक्शा और एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं.
उत्तर-पश्चिम फ़्रंटियर प्रांत को तालेबान और अल-क़ायदा समर्थित चरमपंथियों का गढ़ माना जाता है.
मार्च के अंत में सत्ता में आई पाकिस्तान सरकार ने कहा है कि वह इस्लामी चरमपंथियों से बातचीत कर और विकास को बढ़ावा देकर स्थिति से निबटेगी.