शनिवार, 17 मई, 2008 को 22:29 GMT तक के समाचार
जयपुर बम धमाकों के बाद प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा है कि कहा है कि चरमपंथी नहीं चाहते हैं कि भारत औऱ पाकिस्तान के रिश्ते सामान्य हों.
उन्होंने कहा कि चरमपंथियों के ‘मंसूबों को कामयाब होने से रोकने के लिए कदम उठाने की ज़रूरत है.’
दो दिनों की अपनी भूटान यात्रा समाप्त होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा चरमपंथी भारत में सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ना चाहते हैं.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा, ‘हमें ऐसे खतरों को ध्यान में रखना होगा और उनसे निपटने के लिए कड़े कदम उठाने की ज़रूरत है.’
याद रहे कि भारत और पाकिस्तान के बीच इस्लामाबाद में 20 और 21 मई को वार्ताएं होंगी.
20 मई को भारत औऱ पाकिस्तान के बीच विदेश सचिव स्तर की वार्ताएं होंगी औऱ अगले दिन दोनो देशों के विदेश मंत्रियों के बीच विचार विमर्ष होगा.
दोनो देशों के बीच ये वार्ताएं करीब सात महीनों के अंतराल के बाद हो रही हैं.
जयपुर धमाकों के बाद भारत औऱ पाकिस्तान के बीच होने वाली इस बैठक में आतंकवाद एक बड़ा मुद्दा होगा. भारत हमेशा से पाकिस्तान की ओऱ से होने वाली कथित घुसपैठ की ओर ध्यान आकर्षित करता रहा है.