बुधवार, 14 मई, 2008 को 15:54 GMT तक के समाचार
अल्ताफ़ हुसैन
बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर
भारतीय सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर पिछले कई वर्षों से चल रहे संघर्ष विराम का उल्लंघन किया है.
उल्लेखनीय है कि जम्मू कश्मीर के विवादित क्षेत्र को अलग करने वाली नियंत्रण रेखा पर नवंबर 2003 से संघर्ष विराम चल रहा है.
भारतीय सेना के एक प्रवक्ता कर्नल एके माथुर ने बुधवार को कहा कि मंगलवार की शाम को नियंत्रण रेखा के नज़दीक तंगधार सेक्टर में पाकिस्तानी सेना ने गोलाबारी की.
संघर्ष विराम के बाद नियंत्रण रेखा पर कथित गोलाबारी की यह पहली घटना है. इस गोलाबारी में किसी के हताहत होने की ख़बर नहीं है.
सैनिक प्रवक्ता ने कहा, "हमारी सेना ने जवाबी कार्रवाई नहीं की. हमने औपचारिक रुप से अपना विरोध दर्ज करने और इस मसले के सुलझाने के लिए ‘फ़्लैग मीटिंग’ की दरख़्वास्त की है."
ग़ौरतलब है कि कथित तौर पर संघर्ष विराम के उल्लंघन का मामला तब आया है जब पाकिस्तान में लोकतांत्रिक रूप से चुनी हुई सरकार है.
पाकिस्तान की नई सरकार भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और आगे बढ़ाने की बात करती रही है.
भारत का कहना है कि पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के पास अपने इलाक़े में मौजूद चरमपंथियों के प्रशिक्षण शिविरों को अब तक ख़त्म करने में सफल नहीं हुआ है.